मुआवजे पर NTPC प्रबंधन से नहीं बेनतीजा रही वार्ता! अब 24 गांवों के किसान करेंगे आर-पार की लड़ाई!!
24 गांवों के प्रभावित किसान 25 नवंबर से शुरू करेंगे अनिश्चितकालीन धरना
वर्षों से लंबित अधिकारों को लेकर प्रबंधन को घेरने का ऐलान
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी (गौतमबुद्धनगर)। किसानों के मुआवजे से जुड़े सवालों पर एक बार फिर बातचीत हुई, दलीलें रखी गईं और समाधान की उम्मीद भी की गई, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात! एनटीपीसी दादरी से प्रभावित 24 गांवों के किसानों और प्रबंधन के बीच 19 नवंबर को हुई वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई। बकाया मुआवजे और न्यायालय के आदेशानुसार बढ़ी हुई मुआवजा राशि के भुगतान पर कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। अब किसानों ने बातचीत के बजाय आंदोलन के रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।

भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में 25 नवंबर से एनटीपीसी दादरी के मुख्य गेट पर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा। किसानों का कहना है कि वर्षों से लंबित उनके अधिकारों पर सुनवाई नहीं हो रही है और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
वार्ता की मेज पर भी नहीं निकला मुआवजे का रास्ता

19 नवंबर को एनटीपीसी प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता में हुई बैठक में किसानों ने बकाया मुआवजे, न्यायालय के आदेशानुसार बढ़ी हुई राशि और प्रभावित परिवारों के अन्य लंबित अधिकारों का मुद्दा उठाया। एनटीपीसी की ओर से डीजीएम कर्नल सिंह एवं डीजीएम (एचआर) रितेश भारद्वाज तथा पुलिस प्रशासन की ओर से चौकी प्रभारी ऋषिपाल कटारिया मौजूद रहे। लेकिन किसानों की प्रमुख मांगों पर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया।
सवाल मुआवजे का ही नहीं, जवाबदेही का भी है
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि प्रभावित परिवार वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। किसान लगातार संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। न्यायालय के आदेशानुसार बढ़े हुए मुआवजे का भुगतान भी लंबित है।
उन्होंने कहा कि किसानों ने हर स्तर पर बातचीत के जरिए समाधान तलाशने का प्रयास किया, लेकिन जब वार्ता से भी कोई नतीजा नहीं निकला तो अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लेना पड़ा।
25 नवंबर से धरना, समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष
किसानों ने साफ किया है कि उनका आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की प्राप्ति के लिए है। जब तक बकाया मुआवजे और अन्य लंबित मांगों का उचित समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा।
अब सवाल यह है कि आखिर प्रभावित 24 गांवों के किसानों की मांगों का स्थायी समाधान कब होगा? क्या एनटीपीसी प्रबंधन धरना शुरू होने से पहले कोई ठोस निर्णय लेगा या किसानों को अपने अधिकारों के लिए एक बार फिर लंबी लड़ाई लड़नी पड़ेगी? 25 नवंबर से शुरू होने वाला आंदोलन इसी सवाल का अगला अध्याय होगा।
इस अवसर पर सुखपाल भाटी, राजपाल राणा, अजब सिंह भाटी, राहुल, लीलू बैसला (नरौली), अक्षय मुखिया, विकास रूपवास, धूम सिंह, प्रेमी सिंह, वीरपाल एडवोकेट, सत्यवीर फौजी, सोरन भाटी, विजय, प्रदीप, सुरेंद्र राणा, शिवकुमार (बढ़पुरा) सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
