November 19, 2026
[t4b-ticker]

अब हर साल PUC बनवाने की झंझट खत्म! BS-6 कार मालिकों को तीन साल की राहत

0
FF

हर साल प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की भागदौड़ से मिलेगी छुट्टी, वाहन की उम्र तय करेगी PUC की वैधता

10 साल पुरानी कार के लिए हर छह महीने में जरूरी होगा नवीनीकरण

NEWS1UP

 भूमेश शर्मा

नई दिल्ली। कार लेकर सड़क पर निकलने से पहले PUC प्रमाणपत्र की चिंता करने वाले वाहन मालिकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता को लेकर नियमों में बदलाव किया है। अब छह साल तक पुराने BS-6 निजी वाहनों के मालिकों को हर साल PUC बनवाने के लिए प्रदूषण जांच केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऐसे वाहनों का प्रमाणपत्र एक बार जारी होने के बाद तीन साल तक मान्य रहेगा।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में वाहनों की उम्र के आधार पर PUC की वैधता निर्धारित की गई है। हालांकि, यह राहत सभी वाहनों को एक समान नहीं मिलेगी। वाहन जितना पुराना होगा, प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की अवधि उतनी ही कम होती जाएगी।

छह साल तक की कार को तीन साल की मोहलत

नए नियमों के मुताबिक BS-6 निजी वाहनों के लिए वैधता का गणित कुछ इस तरह होगा- 

छह साल तक पुराने वाहन- तीन साल तक PUC की वैधता।

छह से दस साल पुराने वाहन- हर साल कराना होगा नवीनीकरण।

दस साल से अधिक पुराने वाहन- प्रत्येक छह महीने में नया PUC प्रमाणपत्र जरूरी।

BS-1 से BS-4 तक के वाहनों को नहीं मिली यह राहत

पुराने उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के लिए पहले से लागू व्यवस्था जारी रहेगी। BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों को हर तीन महीने में, जबकि BS-4 वाहनों को हर छह महीने में PUC प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा।

परिवहन श्रेणी के वाहनों के लिए भी अलग प्रावधान किया गया है, जिसके तहत प्रमाणपत्र की वैधता दो वर्ष तक होगी।

राहत जरूर, लेकिन प्रदूषण जांच की जिम्मेदारी बरकरार

नियमों में बदलाव से नए BS-6 निजी वाहन मालिकों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी। हालांकि, PUC की वैधता बढ़ने का मतलब प्रदूषण मानकों से छूट मिलना नहीं है। वाहन निर्धारित उत्सर्जन सीमा का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

यानी अब नई BS-6 कार के मालिक को बार-बार PUC की तारीख याद रखने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन वाहन से निकलने वाले धुएं पर कानून की निगरानी पहले की तरह बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *