भारत मंडपम में सजा अंतरराष्ट्रीय बाजार, आम जनता के लिए खुले ट्रेड फेयर के द्वार!
11 देशों के विदेशी पवेलियन और 32 राज्यों की सांस्कृतिक विरासत बनेगी आकर्षण
27 नवंबर तक चलेगा 45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। देश-दुनिया के कारोबार, संस्कृति, खानपान और हस्तशिल्प का संगम एक बार फिर राजधानी दिल्ली में सज चुका है। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) के दरवाजे 19 नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिए गए हैं। अब तक कारोबारियों के लिए आरक्षित रहे इस मेले में 27 नवंबर तक आम दर्शक भी परिवार और दोस्तों के साथ पहुंच सकेंगे।
इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। एक ओर देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक शिल्प और क्षेत्रीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं, तो दूसरी ओर 11 देशों के विदेशी पवेलियन अंतरराष्ट्रीय उत्पादों और कारोबारी विविधता की झलक पेश कर रहे हैं। खरीदारी से लेकर खानपान और देश-विदेश की संस्कृति को करीब से जानने तक, दर्शकों के लिए यहां कई आकर्षण मौजूद हैं।

समय का गणित समझकर निकलें, शाम 5:30 बजे बंद होंगे प्रवेश द्वार
ट्रेड फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक खुला रहेगा, लेकिन दर्शकों को यह ध्यान रखना होगा कि मेले में प्रवेश शाम 5:30 बजे तक ही मिलेगा। यानी देर से पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं मिल सकेगा। ऐसे में मेले के अलग-अलग हॉल घूमने और खरीदारी के लिए पर्याप्त समय निकालकर घर से निकलना बेहतर होगा।
टिकट की कीमतों में वीकेंड पर दोगुना अंतर
मेले में प्रवेश के लिए सामान्य दिनों और सप्ताहांत की टिकट दरें अलग-अलग रखी गई हैं। सामान्य दिनों में वयस्कों के लिए टिकट 100 रुपये और बच्चों के लिए 50 रुपये निर्धारित है। वहीं, वीकेंड पर यही दरें बढ़कर क्रमशः 200 और 100 रुपये हो जाएंगी।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी टिकट नहीं लेना होगा। हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को निःशुल्क प्रवेश के लिए वैध सरकारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।
टिकट के लिए मेट्रो स्टेशन का विकल्प, भारत मंडपम में नहीं मिलेगा काउंटर
टिकट खरीदने के लिए दर्शकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ऑनलाइन टिकट ITPO की IITF-2026 मोबाइल ऐप और DMRC Sarthi ऐप के माध्यम से खरीदे जा सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन टिकट दिल्ली के 55 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे।
खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन और भारत मंडपम परिसर में टिकट काउंटर की व्यवस्था नहीं होगी। लिहाजा, बिना टिकट सीधे पहुंचने वाले दर्शकों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
चार प्रवेश द्वार निर्धारित, गेट की जानकारी रखकर ही पहुंचें
भारत मंडपम में दर्शकों की आवाजाही के लिए भैरों रोड और मथुरा रोड की ओर से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। भैरों रोड की तरफ से गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड की ओर से गेट नंबर 6 और 10 से प्रवेश मिलेगा। दर्शकों के लिए जरूरी है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार प्रवेश द्वार का चयन करें।
विदेशी बाजार से देसी हस्तशिल्प तक, हॉल-दर-हॉल सजे आकर्षण
इस बार ट्रेड फेयर में विभिन्न उत्पादों और गतिविधियों को अलग-अलग हॉल में व्यवस्थित किया गया है।
हॉल नंबर 1 में अंतरराष्ट्रीय रंग
थाईलैंड, चीन, नेपाल, ईरान और बांग्लादेश सहित 11 देशों के पवेलियन सजाए गए हैं। यहां विदेशी उत्पादों और विभिन्न देशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
हॉल नंबर 2 से 5 तक देश की विविधता
32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पवेलियन में पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प, लोक कलाकृतियां और क्षेत्रीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। देश की सांस्कृतिक और कलात्मक विविधता को करीब से देखने का यह प्रमुख आकर्षण होगा।
हॉल नंबर 6, 8 और 10 में सरकारी गतिविधियां
विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और वित्तीय संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सरकारी योजनाओं और संस्थागत गतिविधियों की जानकारी मिलेगी।
हॉल नंबर 11 में खरीदारी का बाजार
फैशन और कंज्यूमर गुड्स के शौकीनों के लिए यहां इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स, कपड़े, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और रसोई से जुड़े उत्पाद उपलब्ध होंगे।
हॉल नंबर 12 और 12ए में खानपान व घरेलू जरूरतें
पारंपरिक खाद्य उत्पादों, मसालों, हस्तशिल्प, फर्नीचर और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
मेट्रो से पहुंचना बेहतर, पार्किंग में 4 हजार वाहनों की क्षमता
ट्रेड फेयर तक पहुंचने के लिए ब्लू लाइन का सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीकी विकल्प है। इसके अलावा मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से भी भारत मंडपम पहुंचा जा सकता है।
निजी वाहनों से आने वालों के लिए भैरों मार्ग की पार्किंग के साथ भारत मंडपम की बेसमेंट पार्किंग उपलब्ध रहेगी। इसमें करीब 4,000 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता बताई गई है। हालांकि, मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
27 नवंबर तक चलेगा मेला
देश की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक उत्पादों और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी गतिविधियों को एक मंच पर समेटने वाला यह आयोजन 27 नवंबर तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। दर्शकों के लिए सलाह है कि सप्ताहांत की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और टिकट पहले ही खरीद लें।

