आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, पत्नी और बेटे की दोषसिद्धि पर भी रोक!
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में यूपी सरकार को झटका, इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित रहेंगी मुख्य अपीलें
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी। साथ ही उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी।
दरअसल, रामपुर की निचली अदालत ने इस मामले में आजम खान, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की सजा सुनाई थी। आरोप था कि अब्दुल्ला आजम के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाए गए थे। इनमें एक में जन्मस्थान रामपुर और दूसरे में लखनऊ दर्शाया गया था। आरोपों के मुताबिक, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल चुनावी लाभ हासिल करने के लिए किया गया था।
मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि और सजा पर रोक लगा दी थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को यह राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद यूपी सरकार ने आजम खान को मिली राहत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, जबकि तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने भी हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को मामले में अंतिम राहत या बरी होना नहीं माना जा सकता। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले से जुड़ी मुख्य अपीलें अभी इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित हैं। उन पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। फिलहाल शीर्ष अदालत के आदेश से आजम खान के साथ उनकी पत्नी और बेटे को भी बड़ी कानूनी राहत मिली है और उत्तर प्रदेश सरकार को झटका लगा है।
