हाउस टैक्स बकायेदारों को बड़ी राहत, ओटीएस की समयसीमा एक माह बढ़ी!
नगर निगम के गृहकर और जलकल विभाग के बकाया करों पर मिलेगा योजना का लाभ
14 दिसंबर तक आवेदन, 15 जनवरी 2027 तक भुगतान का मौका
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। नगर निगमों के बकाया करों के बोझ से जूझ रहे भवन स्वामियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश शासन ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समयसीमा एक महीने बढ़ा दी है। अब भवन स्वामी 14 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि योजना के तहत निर्धारित धनराशि जमा करने के लिए 15 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है।
इस फैसले से उन हजारों भवन स्वामियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अंतिम तिथि तक योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। इससे पहले आवेदन की समयसीमा 14 नवंबर और भुगतान की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित थी।
गृहकर के साथ जलकल के बकाये पर भी राहत
योजना का दायरा केवल नगर निगम के गृहकर तक सीमित नहीं है। इसके तहत जलकल विभाग के बकाया जलकर, सीवरकर और जलमूल्य पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार लाभ मिलेगा। ऐसे में भवन स्वामियों को एक ही योजना के माध्यम से विभिन्न कर बकायों के निस्तारण का अवसर मिलेगा।
समयसीमा बढ़ी, अब चूकने की गुंजाइश नहीं
शासन ने नागरिकों की मांग और योजना के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए यह निर्णय लिया है। समयसीमा बढ़ने से बकायेदारों को अपने अभिलेख दुरुस्त कराने, आवेदन करने और निर्धारित धनराशि जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
सरकार के इस कदम से जहां भवन स्वामियों को पुराने बकायों के निस्तारण का अवसर मिलेगा, वहीं नगर निगमों और जलकल विभागों को भी लंबित राजस्व वसूली में गति मिलने की उम्मीद है।
अब भवन स्वामियों के पास 14 दिसंबर तक आवेदन और 15 जनवरी 2027 तक भुगतान का अवसर है। ऐसे में संबंधित नगर निगम या जलकल विभाग से अपने बकाये, पात्रता और योजना की शर्तों की जानकारी लेकर समय रहते आवेदन करना जरूरी होगा।
