युवाओं को डिजिटल ताकत देने की पहल, मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सौंपे टैबलेट
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं तक डिजिटल संसाधन पहुंचाने का लक्ष्य
केशव मौर्य बोले- कट्टा-बम की पहचान से निकलकर मोबाइल-टैबलेट निर्माण का केंद्र बना यूपी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। तकनीक के दौर में युवाओं की शिक्षा और भविष्य को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी पहल तेज की है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, नर्सिंग, फॉरेंसिक साइंस और उच्च शिक्षा से जुड़े संस्थानों के विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण प्रदान किए गए।

टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की सिमरन गुप्ता, एकेटीयू की सृष्टि शुक्ला, उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के दिव्यम श्रीवास्तव, एसजीपीजीआई की नाजरीन खान, केजीएमयू की नेहा मोहन और लखनऊ विश्वविद्यालय के अतुलित पांडेय प्रमुख रहे। इनके अलावा सीतापुर, उन्नाव और लखनऊ के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी टैबलेट दिए गए।
25 लाख युवाओं तक पहुंचेगी डिजिटल सुविधा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना के तहत 25 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा रहे हैं, जबकि इससे पहले करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए और युवाओं को बिना भेदभाव आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। मौर्य ने उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी कट्टा और बम बनाने वाली फैक्ट्रियों के नाम से पहचाने जाने वाला प्रदेश आज मोबाइल और टैबलेट निर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

पुरानी छवि से बाहर निकलकर विकास की ओर बढ़ रहा यूपी: पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘कट्टा उद्योग’ की छवि से बाहर निकलकर बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नकारात्मक सोच छोड़कर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और जाति, धर्म तथा संप्रदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ज्ञान, कौशल और तकनीक से तय होगा युवाओं का भविष्य: नंदी
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि किसी भी प्रदेश की वास्तविक प्रगति का पैमाना युवाओं के लिए पैदा होने वाले अवसर हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में ज्ञान, कौशल और तकनीक सबसे बड़ी पूंजी हैं। सरकार की यह योजना विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने और उनके कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने दावा किया कि मजबूत कानून-व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
