नोएडा: छठ पूजा पर दो दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, छह मार्गों पर डायवर्जन लागू
15 और 16 नवंबर को भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों का होगा रूट डायवर्जन
यमुना-हिंडन के घाटों और प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा। छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कमिश्नरेट क्षेत्र में भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए छह प्रमुख मार्गों का रूट निर्धारित किया है।

यमुना नदी के कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल, कुलेसरा, चौटपुर-बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 समेत विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन प्रस्तावित हैं। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यह व्यवस्था की है।
यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन डीएनडी या चिल्ला मार्ग से दिल्ली की ओर जा सकेंगे। वहीं, सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ भेजा जाएगा, जहां से वे सोरखा और बिसरख होकर आगे जा सकेंगे।
किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहनों को बिसरख की ओर तथा पर्थला से किसान चौक आने वाले वाहनों को पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दोनों दिशाओं में वाहन सोरखा और बिसरख के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रूप से निकलवाया जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
यातायात संबंधी किसी भी समस्या पर वाहन चालक ट्रैफिक हेल्पलाइन 9971009001, व्हाट्सऐप नंबर 7065100100 अथवा एक्स हैंडल @noidatraffic पर संपर्क कर सकते हैं।
