November 14, 2026
[t4b-ticker]

यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ती बस बनी आग का गोला, 40 यात्री थे सवार!

0
F

मथुरा में रात करीब 2 बजे माइलस्टोन-110 के पास हुआ हादसा, चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

NEWS1UP

संवाददाता

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर चलती बस में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही बस में रात करीब दो बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-110 के पास अचानक आग लग गई। बस में उस समय 40 यात्री सवार थे। चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

एक्सप्रेसवे पर बसों में आग की घटनाएं लगातार चिंता का विषय

यमुना और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बसों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में नोएडा से आगरा जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस आग का गोला बन गई थी। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।

वहीं, 24 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग ने नौ यात्रियों की जान ले ली थी। इस हादसे में कई यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई थी। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लिया था।

इसके अलावा 26 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस भी आग में जलकर खाक हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *