November 13, 2026
[t4b-ticker]

राजनगर एक्सटेंशन के आयुष की IIT रुड़की में संदिग्ध मौत, बांके बिहारी शरणम सोसाइटी में पसरा मातम!

0
download

IIT के हॉस्टल के कमरे में मिला शव, आत्महत्या की आशंका

NEWS1UP

संवाददाता

रुड़की/गाजियाबाद। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में 20 वर्षीय छात्र आयुष रजौरिया की मौत का मामला सामने आया है। गाजियाबाद निवासी आयुष का शव गुरुवार देर रात संस्थान के गोविंद भवन स्थित हॉस्टल के कमरे में मिला। 

आयुष संस्थान के गणित विभाग में BS-MS प्रोग्राम के द्वितीय वर्ष का छात्र था। जानकारी के अनुसार, देर रात कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आयुष गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित बांके बिहारी शरणम सोसाइटी के निवासी थे।

सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि आयुष रजौरिया बीटेक सेकंड ईयर का छात्र था। उन्होंने बताया कि उसके लैपटॉप में एक सुसाइड नोट भी मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

शुरुआती जानकारी में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।

IIT रुड़की ने जताया दुख

संस्थान ने 13 नवंबर को जारी बयान में आयुष के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। IIT प्रशासन ने कहा है कि घटना की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है और संस्थान जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने के साथ ही शोकाकुल परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है। 

घटना के संबंध में जानकारी के लिए आयुष के पिता शैलेश रजौरिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन इस गहरे दुख और सदमे के बीच वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं थे। आयुष की असामयिक मौत ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। राजनगर एक्सटेंशन में उनके परिचित और सोसाइटी के निवासी शोकाकुल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed