श्रद्धा और उल्लास के बीच सम्पन्न हुआ 23वाँ कलम-दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव
तीन दिवसीय आयोजन में 150 से अधिक कायस्थ परिवारों की भागीदारी, बच्चों की प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा रिवेरा में शिप्रा कायस्थ महासभा की ओर से आयोजित 23वाँ कलम-दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और सामाजिक एकजुटता के साथ सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय आयोजन का समापन गुरुवार को भगवान श्री चित्रगुप्त जी की प्रतिमा के विधि-विधानपूर्वक विसर्जन के साथ हुआ।
महोत्सव के मुख्य समारोह में 150 से अधिक कायस्थ परिवारों ने सामूहिक रूप से कलम-दवात पूजन कर भगवान श्री चित्रगुप्त जी की आराधना की। पूजा-अर्चना और आरती के बाद प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोग का आयोजन हुआ, जिसमें अन्य समाजों के लोगों ने भी सहभागिता की।

महोत्सव का शुभारंभ 10 नवंबर को बच्चों की खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं से हुआ। ड्राइंग, वाद-विवाद, क्विज, कविता, रचनात्मक लेखन और वक्तृत्व प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं, मुख्य समारोह की सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बाहरी कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
आयोजन में दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेरठ और मोदीनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों ने महासभा की पहल और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
महासभा के संयोजक अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि-
संस्था पिछले 23 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को अपनी विरासत और संस्कारों से जोड़ना है।

महोत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री चित्रगुप्त जी की प्रतिमा को ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच सोसाइटी परिसर में शोभायात्रा के रूप में भ्रमण कराया गया। इसके बाद सदस्यों की उपस्थिति में हिंडन नदी में विधि-विधानपूर्वक प्रतिमा विसर्जित की गई। इसके साथ ही तीन दिवसीय महोत्सव का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में अनुरंजन श्रीवास्तव, डॉ. विवेक कुमार, विवेक वर्मा, धीरज सहाय, विजय श्रीवास्तव, प्रकाश कर्ण, प्रमोद श्रीवास्तव, कमलेश कर्ण, पुनीत सक्सेना, विवेक श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव, सुमित कुमार, ऋतु सक्सेना, नम्रता वर्मा, आकांक्षा सिन्हा, निम्मी कर्ण, शैलजा श्रीवास्तव, दीपा श्रीवास्तव एवं दीप्ति श्रीवास्तव सहित महासभा के अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
