November 12, 2026
[t4b-ticker]

आजम खान पर ED का शिकंजा, 426.46 करोड़ की मनी ट्रेल पर चार दिन की रिमांड!”

0
F6

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। आजम खान के लिए गुरुवार का दिन दो बड़े घटनाक्रम लेकर आया। पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव डासना जेल पहुंचे और उनसे मुलाकात की। फिर इसी दिन विशेष पीएमएलए अदालत ने 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में आजम खान को चार दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ED) कस्टडी में भेजने का आदेश सुना दिया। अब ED हिरासत में उनसे वित्तीय लेन-देन की उन कड़ियों को खंगालेगी, जिनका सिरा कई संस्थाओं और कथित शेल कंपनियों तक पहुंचता है।

426.46 करोड़ का सवाल, ED को चार दिन का वक्त

गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय संख्या-1 के विशेष न्यायाधीश ने गुरुवार को ED की रिमांड अर्जी मंजूर करते हुए 12 नवंबर शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक हिरासत में पूछताछ की अनुमति दी है।

अदालत के आदेश में 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले, सार्वजनिक धन और परिसंपत्तियों के लेन-देन तथा कई संस्थाओं और शेल कंपनियों की भूमिका का उल्लेख है। अदालत ने धन के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने और अपराध की कथित आय का पता लगाने के लिए हिरासत में पूछताछ को आवश्यक माना।

शिवपाल की मुलाकात के दिन ही आया अदालत का आदेश

इसी दिन शिवपाल यादव की डासना जेल में आजम खान से मुलाकात ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा। लेकिन दिन का दूसरा घटनाक्रम कानूनी मोर्चे पर सामने आया, जब अदालत ने ED को चार दिन की कस्टडी दे दी। अब इन चार दिनों में जांच की दिशा और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों पर निगाह रहेगी।

कस्टडी मिली, लेकिन अदालत ने लगाईं सख्त शर्तें

अदालत ने हिरासत के दौरान किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना पर रोक लगाई है। आजम खान को प्रतिदिन एक घंटे अपने पसंद के अधिवक्ता से मिलने, प्रत्येक 48 घंटे में मेडिकल परीक्षण और आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी दिए हैं। 16 नवंबर को उन्हें पुनः अदालत में पेश करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *