फायर फाइटिंग सिस्टम के जरिए पेड़-पौधों और टावरों की बाहरी दीवारों की धुलाई
राजनगर एक्सटेंशन की अन्य सोसायटियों से भी पहल की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच राजनगर एक्सटेंशन की ब्रेव हार्टस सोसाइटी ने अपने परिसर में पानी का व्यापक छिड़काव कर धूल नियंत्रण की पहल की। सोसाइटी के फायर फाइटिंग सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए पाइपों के माध्यम से पानी की बौछार की गई। इस दौरान पेड़-पौधों की पत्तियों पर जमी धूल साफ करने के साथ टावरों की बाहरी दीवारों की भी धुलाई की गई।
अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अनुसार, पानी के छिड़काव से पेड़-पौधों पर जमा धूल हट गई है और परिसर के वातावरण में ताजगी एवं ठंडक महसूस हो रही है।
सोसाइटी निवासी दीपांशु मित्तल ने बताया कि पिछले वर्ष भी सोसाइटी के सभी टावरों की छतों से पानी का छिड़काव कर कृत्रिम बारिश कराई गई थी। इस पहल के जरिए क्षेत्र की अन्य आवासीय सोसायटियों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया गया था।
दीपांशु मित्तल, सामाजिक कार्यकर्ता
मित्तल ने एक बार फिर राजनगर एक्सटेंशन की सभी हाईराइज सोसायटियों से इसी तरह पहल करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सोसायटियां अपने परिसरों में पेड़-पौधों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करें, ताकि पत्तियों पर जमी धूल साफ हो सके।
उन्होंने निवासियों से अपने घरों की बालकनियों में रखे पौधों पर भी नियमित पानी का छिड़काव करने की अपील की है, जिससे आसपास के वातावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने में मदद मिल सके।