कल्याण सिंह के पौत्रों के तिलक में पहुंचे योगी, आशीर्वाद के साथ राजवीर सिंह पर ली चुटकी
बोले- स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ और बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव बना रहे
राजवीर सिंह राजू की पत्नी के दबाव में न्योते वाली टिप्पणी पर समारोह में गूंजे ठहाके
NEWS1UP
संवाददाता
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अलीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र और प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह तथा उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब 3:45 बजे हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे और रामघाट रोड स्थित समारोह स्थल पर पहुंचकर दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी लोग दोनों भाइयों को अपना आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन उज्ज्वल और मंगलमय हो। बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ बना रहे और उनके दादा स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर हमेशा बरसता रहे। इसी कामना के साथ उन्होंने दोनों को हृदय से बधाई दी।
पत्नी के दबाव में दिया न्योता, योगी की टिप्पणी पर लगे ठहाके

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में हल्के-फुल्के अंदाज में पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजवीर सिंह राजू का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को समारोह का निमंत्रण दिया है। आप सभी के यहां पहुंचने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया।
मुख्यमंत्री की इस चुटीली टिप्पणी पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ही समारोह में उपस्थित लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे। उन्होंने यह भी बताया कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं और इस आयोजन के लिए उन्हें पहले ही आमंत्रित कर चुके थे।
हापुड़ से पहुंचे, आगरा के लिए हुए रवाना
मुख्यमंत्री हापुड़ से हेलीकॉप्टर के जरिए अलीगढ़ पहुंचे थे। समारोह में करीब 45 मिनट रुकने के बाद शाम लगभग 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
