November 15, 2026
[t4b-ticker]

प्रदूषण के खिलाफ सोसायटियों ने खुद संभाला मोर्चा! पानी की बौछारों से धूल पर प्रहार

0
FF

राजनगर एक्सटेंशन में ब्रेव हार्टस के बाद क्लासिक रेजीडेंसी, अजनारा इंटीग्रिटी और एसजी ग्रैंड भी अभियान में उतरीं

पेड़-पौधों से लेकर सड़कों और इमारतों तक की हो रही धुलाई

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। प्रदूषण की मार झेल रहे राजनगर एक्सटेंशन में अब हाईराइज सोसायटियों ने अपने स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है। प्रशासनिक प्रयासों के बीच जमीनी स्तर पर धूल और प्रदूषण से राहत पाने के लिए शुरू हुई पहल धीरे-धीरे सामूहिक मुहिम का रूप लेती जा रही है। सोसायटियों ने केवल शिकायतों तक सीमित रहने के बजाय अपने संसाधनों से प्रदूषण के खिलाफ सीधी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस अभियान के तहत सोसायटियों में पेड़-पौधों, बालकनियों, खुले स्थानों और इमारतों पर जमी धूल को फायर सिस्टम के उपकरणों से पानी की तेज बौछार कर साफ किया जा रहा है। इमारतों के बाहरी हिस्सों के साथ-साथ सोसायटियों के मुख्य द्वार के बाहर लगे पेड़ों और आसपास की सड़कों की भी धुलाई कराई जा रही है। पानी की तेज बौछारों से कुछ देर के लिए पूरा परिसर ऐसा नजर आता है, मानो कृत्रिम बारिश हो रही हो। अभियान में शामिल निवासियों का कहना है कि सफाई के बाद वातावरण में ताजगी महसूस होती है और धूल का असर कुछ समय के लिए कम नजर आता है।

क्लासिक रेजीडेंसी, अजनारा इंटीग्रिटी और एसजी ग्रैंड की एओए ने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए इसे सामूहिक अभियान का स्वरूप देने की कोशिश की है।

क्लासिक रेजीडेंसी एओए अध्यक्ष देशमणि शर्मा ने कहा कि-

देशमणि शर्मा, अध्यक्ष, क्लासिक रेजिडेंसी एओए

यदि शहर की सभी सोसायटियां और सेक्टर इस पहल में भागीदारी करें तो धूल से होने वाले प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण से राहत मिलने तक पानी के छिड़काव और साफ-सफाई का अभियान जारी रखा जाएगा।

एसजी ग्रैंड के एओए अध्यक्ष भूपेंद्र नाथ ने बताया कि-

भूपेंद्र नाथ, अध्यक्ष, एसजी ग्रैंड

सोसायटी परिसर में पेड़-पौधों और उन स्थानों पर विशेष रूप से पानी की बौछार कराई गई, जहां धूल अधिक जमा होती है। इसके अलावा मुख्य द्वार के बाहर के पेड़ों और सड़क की भी सफाई कराई गई।

उनके मुताबिक, इस पहल के बाद वातावरण में अंतर महसूस किया जा सकता है।

वहीं, अजनारा इंटीग्रिटी के एओए अध्यक्ष नीरज त्यागी ने कहा कि-

नीरज त्यागी, एओए अध्यक्ष, अजनारा इंटीग्रिटी

प्रकृति हमारी सबसे अनमोल धरोहर है और स्वच्छ हवा हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत। बढ़ते प्रदूषण और धूल-कणों के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से एओए टीम ने सोसायटी परिसर के साथ आसपास के पेड़ों पर भी विशेष पानी का छिड़काव कराया है।

ब्रेव हार्टस से शुरू हुई पहल, अब बन रही सामूहिक मुहिम

गौरतलब है कि शनिवार को ब्रेव हार्टस सोसायटी ने इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद अन्य सोसायटियों की भागीदारी ने इस पहल को नई गति दी है। अब सवाल केवल एक-दो सोसायटियों की सफाई का नहीं, बल्कि यह है कि क्या शहर की दूसरी आवासीय सोसायटियां और सेक्टर भी इसी तरह आगे आकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाएंगे ?

प्रदूषण से जूझते शहर में राजनगर एक्सटेंशन की यह पहल कम से कम इतना संदेश जरूर दे रही है कि स्वच्छ हवा की लड़ाई केवल सरकारी आदेशों और दावों से नहीं, बल्कि नागरिक भागीदारी और जमीनी प्रयासों से भी लड़ी जानी चाहिए। हालांकि, पानी का छिड़काव प्रदूषण का स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन धूल नियंत्रण की दिशा में यह स्थानीय स्तर पर एक प्रयास जरूर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *