सुशील प्रताप सिंह होंगे GDA के नए सचिव, विवेक कुमार मिश्रा का वाराणसी तबादला!
यूपी में 55 PCS अधिकारियों के तबादले, एक ही रात में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखे जा रहे बदलाव
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 55 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के सचिव का भी तबादला किया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव रहे सुशील प्रताप सिंह अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के नए सचिव होंगे।
वहीं, GDA के मौजूदा सचिव विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। सुशील प्रताप सिंह के स्थान पर अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है।
प्रदेश में एक साथ हुए इन तबादलों को आगामी यूपी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सूची में अपर आयुक्त, ADM और SDM के अलावा नगर निगमों तथा विभिन्न विकास प्राधिकरणों में तैनात PCS अधिकारी भी शामिल हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव बृजेश कुमार सिंह को नोएडा में विशेष कार्याधिकारी (OSD) बनाया गया है, जबकि नोएडा में तैनात क्रांति शेखर सिंह को दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र और बुलंदशहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
