November 15, 2026
[t4b-ticker]

आस्था के रंग में रंगीं गाजियाबाद की सोसायटियां, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

0
F12

राजनगर एक्सटेंशन से इंदिरापुरम और क्रॉसिंग रिपब्लिक तक छठ महापर्व की अनूठी छटा

घाटों और पूजा स्थलों पर उमड़ा श्रद्धा, उल्लास और उमंग का संगम

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। लोकआस्था के महापर्व छठ पर शुक्रवार की शाम गाजियाबाद की हाईराइज सोसायटियां भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आईं। अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देने के साथ ही शहर की दर्जनों आवासीय सोसायटियों में छठी मैया की आराधना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कहीं पारंपरिक छठ गीतों की गूंज थी तो कहीं सजे हुए पूजा स्थलों पर श्रद्धालु पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ सूर्य उपासना में लीन दिखाई दिए।

पंचशील प्रिमरोज

राजनगर एक्सटेंशन की SCC सफायर, SG ग्रैंड, बालमुकुंद रेजीडेंसी और ब्रेव हार्ट्स जैसी सोसायटियों में छठ महापर्व की विशेष छटा देखने को मिली। वहीं गोविंदपुरम के निकट स्थित पंचशील प्रीमरोज़ सोसायटी में भी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संध्या अर्घ्य अर्पित किया। क्रॉसिंग रिपब्लिक और इंदिरापुरम की दर्जनों सोसायटियों में भी छठ पूजा को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

एसजी ग्रैंड

डूबते सूर्य को अर्घ्य, छठी मैया से सुख-समृद्धि की कामना

संध्या अर्घ्य छठ महापर्व का अत्यंत महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। व्रतियों ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल, ठेकुआ तथा पूजन सामग्री सजाकर अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों और अन्य श्रद्धालुओं ने भी पूजा में सहभागिता की। छठ गीतों और पारंपरिक लोकधुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

हाईराइज संस्कृति में लोकपरंपरा की जीवंत तस्वीर

गाजियाबाद की इन सोसायटियों में छठ महापर्व का आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने सामाजिक एकजुटता और लोकसंस्कृति के संरक्षण की खूबसूरत तस्वीर भी पेश की। आधुनिक हाईराइज इमारतों के बीच पारंपरिक छठ गीतों, पूजा की विधियों और श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि बदलती जीवनशैली के बावजूद लोकआस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की जड़ें आज भी मजबूत हैं।

अब श्रद्धालुओं को सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने का इंतजार है। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम अनुष्ठान की पूर्णता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed