GH-7 सोसायटी के बेसमेंट में पटाखे की चिंगारी से कार में लगी आग, टला बड़ा अग्निकांड!
एक ही टावर में दीपावली पर फ्लैट और अब पार्किंग में कार आग की चपेट में
सैकड़ों वाहनों तक पहुंच सकती थीं लपटें!
NEWS1UP
संवाददता
गाजियाबाद। पटाखों की चिंगारी ने क्रॉसिंग रिपब्लिक की GH-7 सोसायटी में एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात करीब 10:34 बजे सोसायटी के टावर-7 स्थित बेसमेंट-1 में खड़ी एक ढकी हुई कार में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पास में पटाखे चलाए जाने के दौरान निकली चिंगारी कार के कवर तक पहुंची और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना के समय बेसमेंट में सैकड़ों अन्य वाहन भी खड़े थे। ऐसे में आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जाता तो लपटें आसपास खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थीं। सूचना मिलते ही गश्त कर रहे सुरक्षा गार्ड, सोसायटी की सिक्योरिटी एवं फायर सेफ्टी टीम और निवासी मौके पर पहुंचे। सामूहिक प्रयासों से आग बुझाई गई, लेकिन संबंधित कार को काफी नुकसान पहुंचा।
CCTV फुटेज में पटाखे चलाता दिखा व्यक्ति
सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कथित तौर पर पास खड़ी एक अन्य कार से निकला व्यक्ति पटाखे चलाता दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि पटाखा चलाने के तत्काल बाद कार के कवर में आग लग गई, जो कुछ ही समय में फैलकर वाहन तक पहुंच गई। फुटेज के आधार पर संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना पर गाजियाबाद अग्निशमन विभाग और क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची। कार मालिक की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
एक ही टावर में दूसरी घटना, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
इस घटना का एक गंभीर पहलू यह भी है कि हाल ही में दीपावली के दिन इसी टावर की दसवीं मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट की बालकनी में भी आग लग गई थी। बताया गया था कि पटाखे, संभवतः रॉकेट, के कारण बालकनी में आग लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। आग बुझने तक फ्लैट को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
अब उसी टावर के बेसमेंट में खड़ी कार का आग की चपेट में आना महज संयोग है या सुरक्षा नियमों की अनदेखी का नतीजा, यह जांच का विषय है। लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि आवासीय परिसरों में पटाखों से होने वाला खतरा किसी एक फ्लैट या वाहन तक सीमित नहीं रहता।
चिंगारी छोटी थी, लेकिन अंजाम भयावह हो सकता था
बेसमेंट में खड़े वाहनों के बीच पटाखे चलाना कितनी बड़ी लापरवाही साबित हो सकता है, GH-7 की यह घटना इसका उदाहरण है। एक कार में लगी आग आसपास के वाहनों तक फैलती तो बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान होने के साथ लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। राहत की बात यही रही कि सुरक्षा कर्मियों और निवासियों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
सोसायटी प्रबंधन और एओए ने निवासियों से आवासीय परिसर, विशेषकर बेसमेंट एवं पार्किंग में पटाखे नहीं चलाने की अपील की है। हालांकि, अब जरूरत केवल अपील जारी करने की नहीं, बल्कि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और ऐसी लापरवाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की है।
