₹500 करोड़ के बीमा कवच में लैंडक्राफ्ट सोसायटी के 10 टावर, AOA ने उठाया बड़ा कदम
लिफ्ट, जनरेटर, ट्रांसफॉर्मर और फायर सेफ्टी सिस्टम तक को बीमा सुरक्षा
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। किसी आवासीय सोसायटी की सुरक्षा केवल ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) और कंप्लीशन सर्टिफिकेट (CC) जैसे वैधानिक दस्तावेजों तक सीमित नहीं होती। वहां मौजूद करोड़ों रुपये की साझा परिसंपत्तियों को प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संभावित जोखिमों से सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ लैंडक्राफ्ट सोसायटी की AOA ने पूरे परिसर का व्यापक बीमा कराकर एक महत्वपूर्ण पहल की है।

सोसायटी की करोड़ों रुपये की साझा परिसंपत्तियों को प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संभावित जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा देने के लिए अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने व्यापक बीमा कराया है। The New India Assurance Company Ltd. की Bharat Flexi Griha Raksha Insurance Plan के तहत सोसायटी के सभी 10 टावरों और दोनों बेसमेंट सहित संपूर्ण परिसर का बीमा कराया गया है। इसके लिए कुल ₹500 करोड़ का सम इंश्योर्ड निर्धारित किया गया है।
बीमा के लिए लगभग ₹3,42,500 का प्रीमियम निर्धारित है, जिस पर जीएसटी अतिरिक्त है। खास बात यह है कि बीमा का दायरा केवल इमारतों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सोसायटी के संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण मशीनरी, तकनीकी उपकरणों और साझा सुविधाओं को भी इसमें शामिल किया गया है।
लिफ्टों के लिए ₹5 करोड़, DG सेट के लिए ₹2 करोड़ का कवर

बीमा विवरण के अनुसार, भूकंप (Earthquake), STF, फर्नीचर, फिक्स्चर्स एवं फिटिंग्स के लिए ₹1 करोड़ तक का कवर शामिल है। पंप और फायर सेफ्टी उपकरणों के लिए ₹2 करोड़, क्लबहाउस एवं जिम की मशीनरी तथा संबंधित पैनल के लिए ₹1 करोड़ और पूरी सोसायटी के इलेक्ट्रिकल पैनल के लिए ₹2 करोड़ तक का बीमा कराया गया है।
इसी तरह सोसायटी के चारों DG सेट के लिए ₹2 करोड़, ट्रांसफॉर्मरों के लिए ₹1.5 करोड़ और सभी लिफ्टों के लिए ₹5 करोड़ तक का बीमा कवर निर्धारित किया गया है। अन्य बड़े एरिया एसेट्स के लिए ₹50 लाख तक का कवर भी शामिल है। इस प्रकार विभिन्न साझा परिसंपत्तियों के लिए करीब ₹14 करोड़ का अतिरिक्त बीमा कवर भी दिया गया है।
OC-CC जितने जरूरी, परिसंपत्तियों की सुरक्षा भी उतनी ही अहम : प्रभात राणा

AOA सचिव प्रभात राणा का कहना है कि किसी भी सोसायटी की वैधानिक सुरक्षा के लिए ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) और कंप्लीशन सर्टिफिकेट (CC) जैसे दस्तावेज जितने महत्वपूर्ण हैं, उतना ही जरूरी सोसायटी की परिसंपत्तियों को प्राकृतिक और अन्य आपदाओं से सुरक्षित रखना भी है।
लैंडक्राफ्ट निवासी डोली सक्सेना ने कहा कि-

सोसायटी की जिम्मेदारी केवल वैधानिक दस्तावेजों और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। परिसर में मौजूद लिफ्ट, जनरेटर, ट्रांसफॉर्मर, विद्युत पैनल, फायर सेफ्टी सिस्टम और अन्य साझा परिसंपत्तियां भी सामूहिक संपत्ति हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इसी दिशा में AOA द्वारा पूरे परिसर का बीमा कराने का निर्णय एक सराहनीय कदम है।
आपदा के समय आर्थिक नुकसान से मिलेगी सुरक्षा
बहुमंजिला सोसायटियों में आग, भूकंप अथवा अन्य आपदाओं से होने वाला नुकसान केवल भवनों तक सीमित नहीं रहता। बिजली व्यवस्था, लिफ्ट संचालन, जलापूर्ति और अग्निशमन प्रणाली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इनकी मरम्मत और पुनर्स्थापना पर भारी धनराशि खर्च हो सकती है। ऐसे में व्यापक बीमा संभावित आर्थिक नुकसान की भरपाई का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।
लैंडक्राफ्ट AOA की इस पहल ने सोसायटी प्रबंधन के एक महत्वपूर्ण पहलू को सामने रखा है। साझा परिसंपत्तियों का संरक्षण केवल रखरखाव तक सीमित नहीं, बल्कि भविष्य के जोखिमों से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
