ग्रेटर नोएडा: महिला सब इंस्पेक्टर की सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत!
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना जारचा में तैनात 2023 बैच की महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मंगलवार को उनका शव सरकारी आवास के बाथरूम में मिला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम अपने सरकारी आवास में थीं। उनसे संपर्क नहीं हो पाने के बाद सहकर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई। आवास का दरवाजा खुलवाने पर वह बाथरूम में अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
2023 बैच की युवा महिला अधिकारी की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
