November 18, 2026
[t4b-ticker]

आजम की जमानत पर ED पहुंची सुप्रीम कोर्ट, जज बोले, ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा’

0
AZZ

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। एजेंसी ने आजम खान को मिली राहत पर शीघ्र सुनवाई की मांग की है।

ईडी की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष मामला रखा। उन्होंने दलील दी कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी नहीं दिए जाने का आरोप सही नहीं है। इस पर उन्होंने मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया।

सुनवाई के दौरान पीठ के सदस्य न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची ने टिप्पणी की,

‘अगर वह अंतरिम जमानत पर बाहर रहेंगे तो कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।’

सुप्रीम कोर्ट ने मामले को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की बात कही।

गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई पर भी सख्त टिप्पणियां की थीं।

आजम खान फिलहाल उत्तर प्रदेश की डासना जेल में बंद हैं। हाईकोर्ट से मिली राहत के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़नी थी, लेकिन इसी बीच ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर लिया। अब सबकी निगाहें गुरुवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। सुप्रीम कोर्ट में होने वाली इस सुनवाई से यह स्पष्ट होगा कि हाईकोर्ट से मिली अंतरिम राहत बरकरार रहती है या उस पर कोई नया आदेश आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *