November 17, 2026
[t4b-ticker]

एनटीपीसी प्रभावित किसानों का आर-पार की लड़ाई का ऐलान, 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना

0
F

115 वर्ग गज के हिसाब से बढ़ा हुआ मुआवजा न मिलने पर किसानों में नाराजगी

ADCP को सौंपा ज्ञापन, कल से गांव-गांव जनजागरण अभियान

NEWS1UP

संवाददाता

दादरी (गौतम बुद्ध नगर)। न्यायालय के आदेश के बावजूद बढ़ा हुआ मुआवजा नहीं मिलने से एनटीपीसी दादरी परियोजना के प्रभावित किसानों का आक्रोश अब निर्णायक आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। किसानों ने 25 नवंबर से एनटीपीसी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलन की तैयारी के तहत किसानों ने ADCP संतोष कुमार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभावित किसान मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि किसान वर्षों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन लंबी लड़ाई, लगातार वार्ताओं और न्यायालय के आदेश के बावजूद 115 वर्ग गज के हिसाब से मिलने वाला बढ़ा हुआ मुआवजा अब तक नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि 25 नवंबर को एनटीपीसी गेट पर स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा। मांगों का समाधान होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

लाठीचार्ज और मुकदमों के बावजूद जारी है संघर्ष

किसान नेता अजब सिंह भाटी (बढ़पुरा) ने 31 अक्टूबर 2022 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे किसानों पर उस दिन जिला प्रशासन ने लाठीचार्ज और पानी की बौछार की थी। कई किसानों पर गंभीर मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया। इसके बावजूद किसानों ने अपने अधिकारों की लड़ाई नहीं छोड़ी है।

आंदोलन से पहले गांव-गांव पहुंचेगा संगठन

भारतीय किसान यूनियन मंच के जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने कहा कि आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए 18 नवंबर से सभी प्रभावित गांवों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत किसानों से संपर्क कर उन्हें एकजुट किया जाएगा और 25 नवंबर के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रभावित किसानों को न्यायालय के आदेशानुसार उनका बकाया मुआवजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विक्रांत भाटी बढ़पुरा, सुखपाल भाटी, राहुल नरौली, विकास रूपवास, कपिल खोदना सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *